भारतीय डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के सेक्टर में शुक्रवार को एक बड़ी घोषणा हुई. ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज टेक कंपनी एयरट्रंक (AirTrunk) ने भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल बाजार में 3 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया है. इस घोषणा के बाद हर तरफ कंपनी के फाउंडर और सीईओ रॉबिन खुदा (Robin Khuda) की चर्चा हो रही है.
दरअसल, एयरट्रंक के संस्थापक और सीईओ रॉबिन खुदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद इस बड़े निवेश घोषणा की है. पीएम मोदी ने कहा कि इस तरह के निवेश से क्लाउड कंप्यूटिंग और AI के वैश्विक केंद्र के रूप में भारत की स्थिति मजबूत होगी, साथ ही रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
कौन हैं रॉबिन खुदा?
बांग्लादेशी मूल के रॉबिन खुदा ने अपनी मेहनत के बल पर एक बड़ा मुकाम हासिल किया है. रॉबिन खुदा का जन्म बांग्लादेश में हुआ था, उनके पिता का नाम एस.एम. वाजेद अली था. उनकी शुरुआती पढ़ाई बांग्लादेश में हुई, हायर एजुकेशन के लिए वो ऑस्ट्रेलिया चले गए. उन्होंने सिडनी की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (UTS) से बिजनेस की पढ़ाई की और बाद में फाइनेंस और टेक सेक्टर में अपनी विशेषज्ञता हासिल की.